झारखंड में पहले चरण की 13 सीटों पर 63% मतदान, पलामू में भाजपा-कांग्रेस समर्थक भिड़े

 झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण की 13 सीटों पर शनिवार को 62.87% मतदान हुआ। जो पिछले चुनाव के लगभग बराबर है। 2014 में इन सीटों पर 63.35% वोटिंग हुई थी। नक्सलियों ने गुमला जिले में बिष्णुपुर स्थित पुल को विस्फोट से उड़ाया। हालांकि, इसमें कोई जनहानि नहीं हुई। प्रशासन ने कहा कि नक्सलियों की इस हरकत का मतदान पर कोई असर नहीं हुआ। वहीं, पलामू के डाल्टनगंज में भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थकों में झड़प हुई। कांग्रेस ने यहां बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया।


पहले चरण के चुनाव में चतरा, गुमला, बिशुनपुर, लोहरदगा, मनिका, लातेहार, पांकी, डाल्टनगंज, विश्रामपुर, छतरपुर, हुसैनाबाद, गढ़वा और भवनाथपुर विधानसभा सीट शामिल हैं। इन पर 189 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें 15 महिला प्रत्याशी हैं। सबसे ज्यादा 28 प्रत्याशी भवनाथपुर सीट पर हैं, जबकि चतरा में सबसे कम सिर्फ 9 प्रत्याशी ही चुनाव लड़ रहे हैं। नतीजे 23 दिसंबर को आएंगे।